कानपुर। अमेरिका की स्टार एलायंस कंपनी का हिस्सा बताकर स्टार लिंक फाइनेंस में निवेश के नाम पर करीब पांच लाख रुपये ठगने का आरोप है। तिलकनगर निवासी अनुराग सिंह ने पुलिस को बताया कि औरैया के दिबियापुर के इंद्रानगर निवासी राहुल गुप्ता ने खुद को कंपनी का निदेशक बताते हुए 21 मई 2025 को मोबाइल फोन से संपर्क किया। राहुल ने नेटवर्क मार्केटिंग के जरिये लोगों को जोड़ने, रोजगार देने और निवेश पर आकर्षक प्रतिफल मिलने का झांसा दिया। राहुल के बताए मोबाइल नंबरों से जुड़े अलग-अलग यूपीआई और बैंक खातों में रकम भेजी। इनमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्वरूपनगर शाखा का खाता भी शामिल था। कुल करीब पांच लाख रुपये जमा किए। 12 अगस्त 2025 को अवधि पूरी होने से पहले ही खाता बंद कर दिया और रकम हड़प ली। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के जनशिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थनापत्र दिया। कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है। संवाद