कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में सोमवार को होने वाला पहला वनडे मैच रद्द हो जाने से दर्शकों में मायूसी रही। सुबह से ही हजारों प्रशंसक दूर-दराज से स्टेडियम पहुंचे थे। बारिश के बावजूद उन्होंने अपनी सीटें संभाले रखीं लेकिन शाम को मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने बताया कि टिकट खरीदने वाले दर्शकों को निराश होने की जरूरत नहीं है। उनके टिकटों का पूरा पैसा वापस किया जाएगा। साथ ही उन्हें यह विकल्प भी दिया जाएगा कि वह चाहें तो तीन या पांच अक्तूबर को होने वाले किसी एक मुकाबले में उन्हीं टिकटों के आधार पर प्रवेश ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रीनपार्क स्थित काउंटर पर बुधवार को सुबह 11 से शाम 6 बजे तक टिकट बदले जाएंगे। ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह के टिकट इस प्रक्रिया में शामिल रहेंगे।
वहीं यदि दर्शक पांच अक्तूबर को होने वाले तीसरे वनडे में आना चाहते हैं तो इसके लिए उन्हें चार अक्तूबर को टिकट बदलने की सुविधा दी जाएगी। जो लोग पैसा चाहते हैं उन्हें छह अक्तूबर के बाद टिकट रिफंड से संबंधित प्रक्रिया और नियमों की जानकारी दी जाएगी।