इटावा। सांईं मंदिर से चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को छिबरामऊ से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरों के पास से चोरी की गई चांदी और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में करीब 27 मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह वारदात को अंजाम देने से पहले नौ जनवरी की शाम पांच बजे हुई आरती में शामिल हुए थे। आरती के बाद मंदिर में कुछ देर रुके थे और बाबा के पहने हुए गहनों और चढ़ावे का आंकलन कर लिया था। इसके बाद रात लगभग साढ़े 11 बजे मंदिर में घुसने से पहले मंदिर से लगी हुई प्लाटिंग वाली हिस्से में करीब डेढ़ घंटे तक रुके थे। यहां से पूरी रेकी की थी। इसके बाद मंदिर के ताले काटकर अंदर घुसे थे।
जनवरी की रात में सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित बाबा शीतगृह कचौरा रोड के निकट श्री सांई बाबा मंदिर के चैनल गेट व मंदिर परिसर के ताला काटकर चोर गर्भ गृह में घुस गए थे। चोर श्री नाथ जी महाराज की चांदी की चरण पादुका (तीन नग) व बाबा के चांदी युक्त खडांऊ एवं नकदी समेट कर ले गए थे। मंदिर ट्रस्ट के संचालक की तहरीर पर थाना सिविल लाइन पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसएसपी कन्नौज ने संयुक्त टीम बनाकर गिरफ्तारी के लिए लगाया। छह फरवरी को मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस सेल, एसओजी एवं थाना छिबरामऊ की संयुक्त टीम ने थाना छिबरामऊ के खुबरियापुर मोड़ से कुंवरपाल बंजारा निवासी रामनगर थाना ठठिया कन्नौज, सौरभ राजपूत निवासी मोहल्ला अन्नपूर्णानगर थाना तिर्वा कन्नौज को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चरण पादुका व अन्य सामान को गलाकर बनी चांदी की बट्टी करीब 788 ग्राम वजन, दान पात्र से चोरी गए 9670 रुपये नकद बरामद किया गया है।
चोरों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि जिस समय वारदात को अंजाम दिया उससे पहले ही गार्ड को नशा करते हुए देख लिया था। गार्ड के पूरी तरह से नशे में होने के बाद उससे छिपकर मंदिर में दाखिल होकर ताले काटे थे। नशे में होने की वजह से डेढ़ घंटे तक मंदिर में रहने के बावजूद गार्ड को आहट नहीं लग सकी थी।