दो ओवरलोड ट्रक पकड़ने पर कानपुर देहात के सपा जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह यादव उर्फ कल्लू यादव के पुत्र जिला पंचायत सदस्य रोहित ने अपनी रिवॉल्वर से एआरटीओ प्रवर्तन दस्ते पर गोली चला दी।
जिससे उनके वाहन का शीशा चकनाचूर हो गया। प्रवर्तन दस्ते में शामिल लोगों और क्षेत्रीय जनता ने एक हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि अन्य भाग निकले।
देररात राजपुर थाने में जिला पंचायत सदस्य समेत 12 लोगों के खिलाफ एआरटीओ ने तहरीर दी लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।एआरटीओ सुनील दत्त यादव ने बताया कि शनिवार को टीम के साथ ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
भोगनीपुर की ओर से आ रहे मौरंग लदे दो ट्रकों को रोका। धर्मकांटे पर तौलाने से 35 टन ओवरलोडिंग की पुष्टि हुई। ट्रकों के ड्राइवर कागजात नहीं दिखा सके। ट्रकों को राजपुर थाने ले जाया जा रहा था।
तभी पीछे से आई कार ने ओवरटेक कर सबको रोक लिया। कार में सवार दिलीप सिंह यादव के पुत्र रोहित यादव, मंगलपुर निवासी इंद्रेश यादव, दो सरकारी गनर और अन्य लोगों ने एआरटीओ और कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच रोहित ने रिवॉल्वर से गोली चला दी। जिससे एआरटीओ के वाहन का शीशा टूट गया। शोर-शराबा होने पर पास के होटल में मौजूद लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। लोगों ने एक हमलावर इंद्रेश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी मिलने पर सिकंदरा, अमराहट, सट्टी थाने की फोर्स पहुंच गई। एसओ राजपुर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।