उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की सुबह 9 बजे दिल्ली से गोंडा जा रही प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। बस के भीतर धुआं और दुर्गंध भरने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई यात्री बस के शीशे तोड़कर निकले और बच्चों और महिलाओं को भी निकाला।
दहशत के चलते एक लेन पर वाहनों का आवागमन भी कुछ देर तक रुका रहा। काफी देर बाद पहुंची दमकल ने आग बुझाई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। बस में 70 यात्री सवार थे। दस यात्रियों के बैग व अन्य सामान भी जल गया। सीओ अंबरीश भदौरिया ने यात्रियों को दूसरे वाहनों से लखनऊ भेजा है।
बस के भीतर धुआं भरता देख भगदड़ मच गई
दिल्ली से यात्रियों को लेकर गोंडा जा रही बस एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगानदी पुल के पास पहुंची तभी उसके इंजन में स्पार्किंग हुई और अचानक आग लग गई। बस के भीतर धुआं भरता देख भगदड़ मच गई। चालक यूसुफ ने बस को किनारे लगाकर रोका तो यात्रियों में पहले बाहर निकलने की होड़ मच गई।
कोई दरवाजे से कूदकर भागा तो कोई खिड़की का शीशा तोड़कर कूदा। महिलाओं और बच्चों को भी आनन-फानन बाहर निकाला। सूचना पर पेट्रोलिंग टीम और पीआरवी पहुंच गई। कुछ ही देर में सीओ अंबरीश भदौरिया और कोतवाल अरविंद सिंह भी दलबल के साथ पहुंचे। दमकल को बुलाया गया।
करीब आधे घंटे बाद बांगरमऊ और कन्नौज से दो दमकल पहुंची
करीब आधे घंटे बाद बांगरमऊ और कन्नौज से दो दमकल पहुंची और आग बुझाई। आग से कई यात्रियों के बैग व अन्य सामान भी जल गया। दिल्ली के आनंद विहार निवासी रामचंद्र, रहीश, भोला, गाजियाबाद के अमरनाथ, कौशलेंद्र, लक्ष्मी नगर निवासी देवेंद्र सिंह, राजीव सिंह, सोनिया, महेंद्र सहित दस यात्रियों के बैग व अन्य सामान भी जल गया।
इन यात्रियों ने बताया कि बस में जो बैग जले हैं उनमें कपड़े व खाने-पीने का सामान था। कीमती सामान व रुपयों वाले पर्स व सूटकेस आदि उन्होंने निकाल लिए थे। सीओ अंबरीश भदौरिया ने बताया कि बस के इंजन में खराबी आने से आग लगने की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
तेज लपटें और तेज धमाके के साथ एक-एक कर टायर फटे
बस चालक यूसुफ ने पुलिस को बताया कि वह रात को दिल्ली से चला था। इंजन में कुछ खराबी आ गई थी। सुबह आगरा में मरम्मत भी कराई थी। खराबी ठीक कराने के बाद ही वह गोंडा के लिए निकला था। लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
तेज लपटें और तेज धमाके के साथ एक-एक कर टायर फटने से पुलिस और ग्रामीण बस आसपास जाने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाए। बस का डीजल टैंक फटने और तेज धमाका होने की आशंका में पुलिस भी ग्रामीणों को भी जान जोखिम में डालने से रोकती रही। इस दौरान कुछ देर के लिए लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों का आवागमन भी रुका रहा।