हमीरपुर के मौदहा में स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में शुक्रवार की रात करीब 8 बजे शार्ट सर्किट से एक गल्ला आढ़ती के गोदाम में आग लग गई। जिससे दलहन व तिलहन जल गया। आग की लपटों को देख पड़ोसी व्यापारी के गोदाम का अनाज खाली करते एक अधेड़ गिरकर बेहोश हो गया। उसे सीएचसी भेजा गया है।
फायर ब्रिगेड के आधा घंटे देरी से आने पर गल्ला व्यापारी के परिजन उनपर बरस पड़े। करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। कस्बे के पूर्वी तरौस बाजार निवासी प्रकाश गुप्ता पुत्र नवल गुप्ता की मंडी समिति में आढ़त है। लंबे समय से गल्ले का व्यापार कर रहा है। व्यापारी ने बताया कि गोदाम में 250 क्विंटल तिल, 490 क्विंटल लाही, अलसी, मटर सहित करीब एक हजार क्विंटल अनाज रखा था।