जालौन जिले में रेलवे स्टेशन के पास हैंडलूम कपड़ों की दुकान और फर्नीचर गोदाम में शनिवार की रात आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी के दौरान व्यवसायी परिवार के साथ गोदाम के ऊपरी हिस्से में बने घर में सो रहा था। जब सामान जलने की दुर्गंध आई तो व्यवसायी को आग लगने की जानकारी हुई।
बदहवास व्यवसायी और उसके परिजनों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने छत से बालू के ढेर पर कूदकर जान बचाई। सूचना पर फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोंच रेलवे स्टेशन के सामने मियागंज में वीरेंद्र अग्रवाल की हैंडलूम कपड़ों की थोक दुकान और फर्नीचर का गोदाम है।
ऊपरी हिस्से में वीरेंद्र का घर भी है। दुकान और गोदाम में कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा था। शनिवार की रात लगभग एक बजे अचानक गोदाम में रखे फर्नीचर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख आसपास के लोग जाग गए।
लोगों ने वीरेंद्र को जगाने के लिए उनके घर में ईंट पत्थर फेंके, लेकिन उनकी नींद नहीं खुली। जब सामान जलने की दुर्गंध बेडरूम में पहुंची तब वीरेंद्र की आंख खुली और उन्होंने पत्नी और दो बच्चों को जगाया। बदहवास वीरेंद्र का परिवार बाहर निकलने की कोशिश में जुट गया लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझा।