राजपुर। कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित एक फुटवियर दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग से सारा सामान जल गया। जबकि बगल की रेडीमेड दुकान में काला धुआं जाने से कपड़े बर्बाद हो गए। करीब आठ लाख रुपये नुकसान का अनुमान है। फायर टैंकर लेकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग काबू की।
राजपुर निवासी संजय बाबू की कस्बे के मुख्य चौराहे पर फुटवियर दुकान है। शनिवार की देर शाम को दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। काला धुआं व लपटें उठने लगी तो लोगों ने अग्निशमन केंद्र में सूचना दी। किसी ने दुकानदार को भी अवगत कराया। कुछ देर में दमकल कर्मी फायर टैंकर लेकर पहुंच गए। मशक्कत कर करीब एक घंटे में आग काबू की गई। इसी बीच संजय भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पूरा सामान व गुल्लक में रखे बीस हजार रुपये जल गए। कुल 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इधर कमलपुर के रबी यादव की बगल में रेडीमेड दुकान में काला धुआं घुसने से कपड़े बर्बाद हो गए। रबी यादव ने एक लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। लेखपाल विमल शुक्ला ने बताया कि नुकसान का आकलन किया गया है। रिपोर्ट भूलेख कार्यालय भेजी गई है। राजपुर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दुकानदार ने शार्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी है।