क्षेत्र में सोमवार की शाम शार्ट सर्किट से प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग
लग गई। मौके पर दमकल ने पहुंचकर दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया।
रनियां के मालवर रोड साइट नंबर वन स्थित आरआर प्लास्टिक फैक्ट्री में दस
मजदूर काम कर रहे थे। सोमवार शाम साढ़े चार बजे फैक्ट्री में शार्ट सर्किट
से चिंगारी निकली और वह प्लास्टिक के बड़े बंडल पर जा गिरी। इससे पहले कि
उसे बुझाने के प्रयास शुरू होते चिंगारी शोला बन चुकी थी।
आग के विकराल
होते ही फैक्ट्री मजदूर बाहर की ओर भागे। आग से जूझ रहे लोगों ने आनन फानन
पुलिस को और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
एक घंटे बाद दमकल की दो गाड़ियां
पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू हुए। फैक्ट्री कर्मी शंकर ने बताया कि
फैक्ट्री के अंदर पानी के लिए सबमर्सिबल पंप लगा है चूंकि आग शार्ट सर्किट
से लगी थी इसलिए बिजली काट दी गई तो सबमर्सिबल भी चल नहीं सका। वहीं, दमकल
आग बुझा रही थी, तभी उसका पानी खत्म हो गया।
आग ने फिर विकराल रुप धारण कर
लिया। इस बीच फायर कर्मियों ने फैक्ट्री के पास भरे पार्क के पानी में
पंपसेट लगाकर आग बुझाने का प्रयास किया, तब कहीं जाकर दो घंटे की मशक्कत के
बाद आग पर काबू पाया जा सका।