गजनेर में आग से जला गृहस्थी का सामान।
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा। शुक्रवार भोर फल विक्रेता के घर में अचानक लगी आग से फल, नगदी समेत लाखों रुपये की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेखपाल ने आग से हुई क्षति का आकलन किया।
गजनेर निवासी साजिद की मुख्य चौराहे पर फल की दुकान है। उसका पूरा परिवार कस्बा स्थित मकान में रहता है। रात में पूरा परिवार मकान के अंदर वाले हिस्से में सो रहा था। शुक्रवार भोर पहर साजिद लघुशंका के लिए उठा तो बाहर वाले कमरे से आग की लपटें दिखीं। इसपर उसने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मौके पर आए। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन छप्पर व लकड़ी से पटरों ने भीषण आग पकड़ ली। बाद में आसपास के कई सबमर्सिबल चला कर एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
फल विक्रेता साजिद ने बताया कि आग से 70 हजार रुपए के फल, नगद बिक्री के 25 हजार रुपये, गृहस्थी का सामान, 35 हजार रुपये के कपड़े, कूलर, मिक्सी, कुर्सी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेखपाल महरूप सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दी गई है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।