कानपुर देहात। अकबरपुर के नयागंज बाजार में क्रॉकरी व कास्मेटिक दुकान में शनिवार देर रात आग लग गई।
आग बढ़कर बगल की ब्यूटीपार्लर व ऊपरी मंजिल पर किरायेदार की रसोई तक पहुंच गई। सूचना पर दो फायर टैंकर लेकर आए दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग काबू की। करीब 25 लाख के नुकसान का अनुमान है। आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट बताई गई है।
नयागंज में शरद गुप्ता उर्फ बिट्टू का मकान है। भूतल पर बनीं दुकानों में एक दुकान में वह कारोबार करते हैं। जबकि अन्य दुकानें किराये पर उठी हैं। ऊपरी मंजिल एक शिक्षक को किराये पर दिए हैं। शनिवार को शरद गुप्ता खुद की क्रॉकरी व कास्मेटिक दुकान बंद कर सोने चले गए।
देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट ने उनकी दुकान में आग लग गई। आग की लपटें शटर से बाहर निकल बगल की किरायेदार प्रभा कुशवाहा की ब्यूटी पार्लर व सिलाई सेंटर पहुंच गई। इसके बाद आग ने ऊपरी मंजिल पर रह रहे किरायेदार अमित की रसोई को चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी सबसे पहले किराएदार अमित को हुई। उसने शोर मचाकर मकान मालिक शरद को जगाया। इसके बाद उन्होंने दमकल को सूचना दी। सूचना पर दो फायर टैंकर लेकर दमकल कर्मी पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह व अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मी आग काबू कर सके। शरद गुप्ता ने बताया कि कास्मेटिक उत्पाद का थोक का कारोबार था।
ऊपरी मंजिल पर किरायेदार की रसोई, गृहस्थी व एलईडी टीवी जल गई। ब्यूटी पार्लर का सामान भी खाक हो गया। करीब 25 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि क्रॉकरी दुकान में हुए शार्ट सर्किट से आग लगी। इसके बाद आग बढ़कर अन्य दुकान व मकान के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। केवल दुकानों व गृहस्थी का सामान जल गया।