जैनपुर ग्रोथ सेंटर स्थित फैक्टरी में लगी आग।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर क्षेत्र के ग्रोथ सेंटर में रविवार की भोर प्लास्टिक दाना फैक्टरी की गट्ठा प्लांट (गलाने की यूनिट) में भीषण आग लग गई। जिससे यूनिट की मशीनें, कच्चा माल व इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। दमकल जवानों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की। फैक्टरी संचालकों ने एक करोड़ के नुकसान का अनुमान जताया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
ग्रोथ सेंटर में आनंदेश्वर पॉलीप्रोडक्ट्स फैक्टरी में तीन पार्टनर हैं। प्लास्टिक की पुरानी बोरियों को गलाकर दाना व रस्सी आदि बनाने का काम होता है। रविवार की भोर फैक्टरी की एक यूनिट में अचानक आग लग गई। सुबह छह बजे फैक्टरी के दूसरे हिस्से में रह रहे मजदूरों ने आग की लपटें उठतीं देखकर शोर मचाया। इसके बाद लोग एकत्र हुए। सुपरवाइजर की सूचना पर अकबरपुर-माती अग्निशमन केंद्र से दमकल गाड़ी लेकर जवान पहुंचे। आग बढ़ने पर अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने चार और दमकल गाड़ियां मंगवाई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की जा सकी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। आग से फैक्टरी का कच्चा माल खराब हो गया। मशीनें जल र्गइं। साथ ही इमारत को काफी नुकसान हुआ है। फैक्टरी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे। आग की लपटें बढ़ने पर बगल की दो फैक्ट्ररियों से पानी लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है। फैक्टरी संचालक को नोटिस देकर ब्योरा मांगा जाएगा। फैक्टरी संचालक राहुल गुप्ता ने बताया कि प्लांट में आग लगने से 40 से 50 लाख कीमत की मशीनरी जल गई। कच्चा माल व इमारत समेत करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। बताया कि शनिवार रात में यूनिट में काम बंद कर दिया गया था। शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है।
दीवारें चटकने से खुली नींद
कानपुर देहात। प्लास्टिक दाना फैक्टरी में आग इतनी भीषण थी कि दीवारें चटक गई। दरारें होने से भवन गिराऊ हो गया है। फैक्टरी मजदूरों ने बताया कि दीवारें चटकने की आवाज सुनकर नींद खुली।
कौशांबी निवासी अरविंद ने बताया कि नींद खुली तो जलने की बदबू और गर्माहट महसूस हुई। साथी मजदूरों को जगाया और तुरंत आवास से निकल गया। बाहर आकर पता लगा कि बगल के हिस्से में भीषण आग लगी है। फतेहपुर निवासी रोहित ने बताया कि रात में खाना खाकर सोए थे। सुबह नींद खुली तो शोर सुनाई दिया। जान बचाकर कमरे से भाग खड़े हुए। गृहस्थी का सामान तक नहीं निकाल सके। आग बुझी तब सामान बाहर निकाला।
फैक्टरी में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।- फोटो : AKBARPUR