कानपुर। युवती ने शादी का झांसा देकर युवक पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आरोपी युवक की ओर से क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर ने उसे धमकाया भी है। पीड़िता ने चार दिन पूर्व पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत की, जिस पर गोविंदनगर थाने में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवती ने पुलिस को बताया कि होजरी फर्म में काम सीखने के दौरान उसकी मुलाकात बर्रा के आयुष से हुई थी। आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर एक जुलाई 2025 को आयुष अपने दोस्त अंकित के साथ उसे कोपरगंज स्थित एक होटल ले गया। वहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आयुष उस पर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। परेशान होकर युवती ने अपनी मां को आपबीती बताई और पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इस पर आयुष के साथी और दबंग हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर ने भी उसे मिलने के लिए बुलाया और अपनी काली स्कॉर्पियो में बैठाकर धमकी दी कि आयुष को भूल जाए, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। इसके बाद से वह और उसका परिवार दहशत में है।
गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के आदेश पर अजय ठाकुर, आयुष वर्मा और अंकित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दें कि अजय ठाकुर पर पहले से 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह आए दिन कचहरी में साथियों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता है, इसके बाद भी पुलिस उस पर कार्रवाई से बच रही है। वहीं पूरे मामले में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी का कहना है कि युवती के साथ हुई घटना में किन-किन आरोपियों की क्या भूमिका है, इसकी सही जानकारी पीड़िता के कलमबंद बयान से पता चलेगी।