हाथरस की घटना को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ हाईवे पर प्रदर्शन करना पूर्व कैबिनेट मंत्री की पत्नी को महंगा पड़ गया। पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी के नेतृत्व में सामाजिक परिवर्तन मिशन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पटेल तिराहे से ट्रैफिक चौराहे तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की थी।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री की पत्नी ने पुलिस कर्मियों पर जुलूस रोकने का आरोप लगाया था। इस बीच दोनों ओर से नोकझोंक भी हुई थी। इसी मामले में रविवार को सदर कोतवाली में एसआई शिशिर ने पूर्व मंत्री की पत्नी समेत 11 लोगों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने, मास्क न लगाने व कोरोना नियमों के उल्लघंन की रिपोर्ट दर्ज की हैै।
बता दें कि 14 सितम्बर को हाथरस में चार युवकों ने 19 वर्षीय दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत हो गई, जिसके बाद बुधवार तड़के उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रात में ही अंतिम संस्कार करने के लिए बाध्य किया। बहरहाल, स्थानीय पुलिस का कहना है कि ‘‘परिवार की इच्छा के मुताबिक’’ अंतिम संस्कार किया गया।