बकेवर। युवक की मौत के मामले में मृतक युवक के पिता ने उसकी प्रेमिका, उसके माता- पिता, भाई व बुआ के बेटे समेत पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है। उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही परिजनों ने मंगलवार को सुबह युवक के शव का अंतिम संस्कार किया।
महेवा चौकी क्षेत्र के ग्राम रजपुरा के पास बंबा पटरी पर शकूरपुर गांव के अंशु का शव सोमवार सुबह संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिला था। उसकी बाइक व हेल्मेट भी मौके पर खड़ी मिली थी। पुलिस युवक के प्रेमिका का एक आपत्तिजनक वीडिओ सोशल मीडिया पर वायरल होने पर कार्रवाई के डर से युवक के आत्महत्या की संभावना जता रही थी। सोमवार को दोपहर बाद पोस्टमार्टम होने के बाद युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं हुए।
मौके पर पहुंचे सीओ भरथना अतुल प्रधान व थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए। अंधेरा हो जाने पर परिजनों ने सुबह अंतिम संस्कार करने की बात कही। रात में परिजन एसएसपी संजय कुमार से मिलने पहुंचे। मृतक युवक के पिता अजित सिंह की शिकायत पर थाना पुलिस ने युवक की प्रेमिका युवती उसके पिता, मां, चाचा, निवासी ग्राम शकूरपुर व युवती के बुआ के बेटे सहित पांच लोगों के विरुद्ध हत्या के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी बकेवर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत लटकने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।