सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के हृदयपुर निवासी रेलवे कर्मी ने जेई सहित तीन लोगों पर फर्जी चोरी का आरोप लगाने व प्रताड़ित किए जाने का वीडियो बनाने के बाद आत्महत्या कर ली थी। मामले में शुक्रवार को रेलवे कर्मी की पत्नी ने उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के जेई सहित तीन के खिलाफ पति को आत्महत्या के लिए उकसाने व प्रताड़ित करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हृदयपुर निवासी रानी देवी ने गजनेर थाना में तहरीर दी। बताया कि पति विजय पाल (45) उत्तर मध्य रेलवे में झांसी मंडल के पुखरायां में इलेक्ट्रीशियन विभाग में सहायक (टीआरडी, पीएचएन) के पद पर तैनात थे। बताया कि पति की ड्यूटी सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक रहती थी। तीन जनवरी को पति ड्यूटी करने के बाद शाम सात बजे के करीब घर लौटे थे। तभी एक मोबाइल नंबर से पति के फोन पर संदेश आया। जिसमें उनकी दोबारा ड्यूटी की जानकारी दी गई। इस पर पति ने दोबारा ड्यूटी लगाए जाने की बात कहकर पुखरायां चले गए। चार जनवरी की सुबह आठ बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद पति घर के लिए निकले थे। कुछ दूर पहुंचने उन्हें फोन कर वापस पुखरायां बुलाया गया।
इस पर पति ने फोन कर उसको जानकारी दी और वापस पुखरायां चले गए। आरोप लगाया कि वहां मौजूद जेई अवध किशोर, अखिलेश पांडेय व हेल्पर रोहित ने 15 क्विंटल कॉपर की चोरी की थी। जिसमें पति का कोई हाथ नहीं था। सभी ने पति पर चोरी का आरोप लगाकर घटना स्वीकार करने का दबाव बनाया। न मानने पर बर्खास्त कर चल अचल संपत्ति से वसूली करने व आजीवन कारावास की सजा दिलाकर जिंदगी नरक बना देने की बात कही। साथ ही जाति सूचक गाली-गलौज की। बात न मानने के पर पति को निलंबित कर दिया गया। निलंबन को लेकर पति को न तो कोई लिखित नोटिस दिया गया और न ही कोई मैसेज भेजा गया। निलंबन के बाद भी आरोपी प्रतिदिन पति को पुखरायां बुलाकर धमकाते थे और कहते थे की तुम अपनी जान देकर ही अपने आप को बचा सकते हो। आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान होकर गुरुवार सुबह पति ने आत्महत्या कर ली।
..................
प्राथमिकी दर्ज करवाने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
रेलवे कर्मी विजय पाल का शव गुरुवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन पैतृक गांव हृदयपुर ले गए थे। शुक्रवार को पहले विजय पाल की पत्नी रानी देवी ने जेई सहित तीन के खिलाफ गजनेर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए कानपुर के ड्योढी घाट ले गए। इस दौरान विजय पाल की पत्नी रानी देवी, बेटे अरुण, ऋषभ, अंकुश, कृष्णा, बेटी अनामिका, अंजलि रोती बिलखती रहीं।
.....................
यह था मामला
गुरुवार सुबह सात बजे के करीब घर से ड्यूटी के लिए निकले हृदयपुर निवासी रेलवे कर्मी विजय पाल ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर मफलर से फंदा लगाकर जान दे दी थी। इससे पहले उन्होंने एक 2.31 मिनट का वीडियो बनाकर अपने बेटे अरुण को भेजा था। जिसमें उन्होंने जेई समेत तीन कर्मचारियों पर चोरी का झूठा आरोप लगाने व परेशान होकर जान देने की बात कही थी। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
.....................
वर्जन............
सहायक इलेक्ट्रीशियन की पत्नी की तहरीर के आधार पर जेई सहित तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व जाति सूचक गालियां देने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच सीओ सदर संजय सिंह की ओर से की जा रही है। - जनार्दन प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष गजनेर