कालपी (उरई)। एक सप्ताह पहले यमुना में छलांग लगाने वाले कानपुर के युवक के मामले में नया मोड़ आ गया। मृतक की पत्नी वर्तिका द्विवेदी ने अपनी ननद-नन्दोई के खिलाफ पति को खुदकुशी के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर विवेचना कानपुर के काकादेव थाने में स्थानांतरित कर दी है।
बीते 19 अक्तूबर की दोपहर एक युवक ने यमुना पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। उसकी पहचान कानपुर के शास्त्रीनगर निवासी राहुल पुत्र हर्ष द्विवेदी के रूप में हुई। बताया गया कि राहुल घर से पत्नी से नाराज होकर निकला था। वहीं, पत्नी वर्तिका ने पुलिस को बताया कि उसका पति टूर एंड ट्रैवल्स का काम करते थे। काम घाटा होने पर नन्दोई से रुपये उधार लिए थे। वापस करने को लेकर ननद और नन्दोई धमकाते थे। इससे परेशान होकर राहुल ने खुदकुशी की थी। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि जांच काकादेव थाने भेज दी गई है।