कानपुर। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बुधवार को बैठक में घरों से कूड़ा उठाने में लापरवाही कर रही दीक्षांक, जेटीएन कंपनी और सफाई के प्रति जागरूक करने वाली कंपनी श्योर ट्रेडर्स को अंतिम नोटिस दी। चेतावनी देते हुए कहा कि एक हफ्ते में मानकों के अनुरूप सुधार करें। ऐसा न किया तो उनके टेंडर निरस्त कर दिए जाएंगे। 17 सितंबर से शुरू हो रहे स्वच्छता पखवारे में अभियान चलाकर खुले कूड़ा घर खत्म करने, विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
नगर निगम मुख्यालय स्थित मीटिंग हाॅल में हुई बैठक में नगर आयुक्त ने मॉडल वार्डों मे भी घरों से कूड़ा उठान नियमित रूप से एवं समय से न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि अधिकारी प्रतिदिन सुबह अपने-अपने आवंटित वार्डों में अनिवार्य रूप से जाकर साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, स्वच्छता संबंधी सभी कार्य कराएं। बैठक में अपर नगर आयुक्त द्वितीय, अपर नगर आयुक्त चतुर्थ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी आदि शामिल रहे। इससे पहले नगर आयुक्त ने अशोकनगर, गीतानगर वार्ड का निरीक्षण किया। विजयनगर में निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बीट में सफाई कर्मचारी तैनात कर स्वच्छता कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कराने के लिए कहा।