कसबा के नार्दन मोटर्स में उपस्थिति रजिस्टर में हेरफेर का मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान पथराव हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कानपुर नगर से आधा सैकड़ा लोग गाड़ियों में भरकर आ पहुंचे।
देरशाम नार्दन मोटर्स के मालिक वर्कशाप मैनेजर समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अकबरपुर कस्बा स्थित नार्दन मोटर्स शो रूम में कर्मचारी शाहरुख खान ने उपस्थिति रजिस्टर में छेड़छाड़ कर दी। इसी बात का विरोध वर्कशाप मैनेजर ज्ञानप्रकाश पांडेय ने किया।
दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामले की सूचना शो रूम के मैनेजर अंशू त्रिपाठी को दी गई। जिस पर उन्होंने दोनों के बीच फोन पर ही मामला शांत करा दिया।
कुछ देर बाद कर्मचारियों में चर्चा शुरू हो गई। नार्दन मोटर्स के मालिक राजुल खन्ना को शो रूम में तोड़फोड़ व मारपीट की सूचना दे दी।
तभी कई गाड़ियों में लोग मौके पर आ पहुंचे। दोनों कर्मचारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया था। इसी बीच कानपुर से आए लोगों ने कुछ टिप्पणी कर दी।
विवाद फिर बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। मारपीट और पथराव की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची। वहीं एजेंसी कर्मियों ने फायरिंग किए जाने की बात कही है।
देर शाम नार्दन मोटर्स के मालिक राजुल खन्ना ने वर्कशाप मैनेजर ज्ञानप्रकाश पांडेय समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
अकबरपुर कोतवाल जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि नार्दन मोटर्स मालिक राजुल खन्ना की तहरीर पर ज्ञानप्रकाश पांडेय व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फायरिंग के साक्ष्य नहीं मिले हैं।