कानपुर। दो सांड़ों की लड़ाई ने शुक्रवार को एक मजदूर की जान ले ली। मामला सचेंडी में मानशिला मंदिर के पास का है। यहां पुलिया पर दो सांडों से टकराकर साइकिल सवार 15 फीट गहरे तालाब में जा गिरा और उसकी माैत हो गई।
सचेंडी के दिलीपपुर गांव निवासी गेंदालाल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा मनोज (49) मजदूरी करता था। उसे दो दिन से तेज बुखार आ रहा था। शुक्रवार की सुबह 8:15 बजे वह साइकिल से दवा लेने घर से डेढ़ किलोमीटर दूर सचेंडी जा रहा था। मानशिला मंदिर के पास रास्ते में लड़ते हुए उसे दो सांडों ने टक्कर मार दी। वह साइकिल समेत तालाब में जा गिरा। तालाब में सिंघाड़े की बेल लगी थी जिसमें वह फंस गया। ग्रामीणों ने एक घंटे के मशक्कत के बाद उसे निकाला और पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी मंजू की दस साल पहले मौत हो गई थी। बच्चे जया और जैनी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।