कानपुर। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने पहली बार देश के सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी कॉलेज और यूनिवर्सिटियों की रैंक लिस्ट सोमवार को जारी की है। इंजीनियरिंग (बीटेक) श्रेणी में आईआईटी कानपुर को देश में पांचवीं और मैनेजमेंट (एमबीए) में आठवीं रैंक मिली है। इससे आईआईटी प्रशासन को झटका लगा है। आईआईटी प्रशासन देश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में नंबर-वन की कुर्सी पर काबिज होना चाहता था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मंत्रालय ने बी ग्रेड के इंजीनियरिंग कॉलेजों की रैंक लिस्ट नहीं जारी की है।
मंत्रालय ने पहली बार नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैकिंग फ्रेम वर्क (एनईआरएफडब्लू) का गठन किया और देशभर के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी और यूनिवर्सिटियों को रैंकिंग का प्रोफार्मा भरने का विकल्प दिया। पूरी प्रक्रिया फरवरी और मार्च में पूरी कराई गई, फिर मंत्रालय के एक्सपर्ट ने अलग--अलग बिंदुओं पर शैक्षिक संस्थानों की गुणवत्ता परखी। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईटीसीई) के सूत्रों ने बताया कि अब रैंकिंग लिस्ट जारी कर दी गई है। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की रैंकिंग में आईआईटी, आईआईएम का दबदबा है।
इंजीनियरिंग कॉलेजों की रैंकिंग में आईआईटी मद्रास नंबर वन है। मैनेजमेंट कॉलेजोें में आईआईएम बंगलूरू पहले नंबर पर है। आईआईएम अहमदाबाद की रैंक दूसरी है। मैनेजमेंट (एमबीए) की पढ़ाई में आईआईटी कानपुर ने आईआईएम इंदौर को पीछे छोड़ दिया है। मंत्रालय ने जो रैंकिंग लिस्ट जारी की है, उसके मुताबिक आईआईएम इंदौर की 9वीं रैंक है। वहीं आईआईटी कानपुर आठवें नंबर पर है।
आईआईटी कानपुर दुनिया के टॉप-200 सूची से भी बाहर
आईआईटी कानपुर दुनिया के टॉप-200 शैक्षिक संस्थानोें की सूची से बाहर है। वर्ष 2015 की अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम (बीटेक) की यूएस रैंकिंग 218वीं है। इसी साल की क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 271 रही। अब आईआईटी कानपुर प्रशासन विश्व रैंकिंग सुधारने की कवायद में लगा है। हालांकि देश के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों की रैंकिंग में भी आईआईटी कानपुर का प्रदर्शन दमदार नहीं है।
इन बिंदुओं को लेकर बनीं रैंक
ट्रेनिंग, लर्निंग एंड रिसोर्स, रिसर्च एंड प्रोफेशनल प्रैक्टिस, प्रैक्टिस एंड कोलाबारटिव परफारमेंस, ग्रेजुएशन आउटकम, कोर एक्टिविटी, स्टूडेंटों का कैंपस सेलेक्शन, एक्सीलेंस इन टीचिंग एंड लर्निंग, इंटरनेट और वाई-फाई के इस्तेमाल, लैब और लाइब्रेरी की सुविधा, स्टूडेंट एक्टिविटी, हॉस्टल और मेस की सुविधाएं सहित अन्य।
आईआईएम बंगलूरू, आईआईएम अहमदाबाद, आईआईएम कोलकाता, आईआईएम लखनऊ, आईआईएम उदयपुर, आईआईएम कोझीकोड आईआईएम नई दिल्ली, आईआईटी कानपुर, आईआईएम इंदौर, मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट हरियाणा।