कानपुर देहात। नवीपुर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदन विद्यालय में बृहस्पतिवार को फीफा के सहयोग से फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए खेलकूद गतिविधियों को शिक्षा से जोड़कर फुटबॉल को अधिक सुलभ बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने मां सरस्वती के चित्र के पास दीप प्रज्वलन कर किया। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय को बनाए गए नोडल केंद्र के माध्यम से जिले के 73 विद्यालयों के शिक्षकों को अब तक 255 फुटबॉल वितरित की जा चुकी हैं, जबकि जिले के 242 विद्यालयों को फुटबॉल देने की योजना है। विशिष्ट अतिथि जिला संजय कुमार मिश्रा व डीआईओएस कार्यालय के जिला समन्वयक एसके कटियार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सम्मान की भावना विकसित करते हैं। इस दौरान नियमित खेल सत्र आयोजित करने और फुटबॉल समिति बनाने पर भी जोर दिया गया। (संवाद)