यूपी के उन्नाव में मंगेतर से फोन पर एक घंटा बातचीत के बाद युवक ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। घरवालों ने युवती पर लांछन लगाते हुए उसे ही मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया तो उसने भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर डंडे से पीटे जाने के पांच निशान का भी जिक्र है।
होने वाली पत्नी के लिए आपत्तिजनक मैसेज से आहत मंगेतर ने फंदा लगाकर जान दे दी। घरवालों ने युवती पर लांछन लगाते हुए उसे ही मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया तो उसने भी बृहस्पतिवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर डंडे से पीटे जाने के पांच निशान का भी जिक्र है। घटना अचलगंज के गौरी त्रिभानपुर व मोहद्दीनपुर गांवों की है। पुलिस मोबाइल की जांच कर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
अचलगंज थाने के मोहद्दीनपुर गांव निवासी संतोष की बेटी कोमल (22) ने बृहस्पतिवार रात जहर खा लिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि कोमल की शादी गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी महेश के बेटे सूरज (25) से तय हुई थी। 16 फरवरी को गोद भराई हुई थी।
बृहस्पतिवार सुबह सूरज ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बेटी कोमल की जिद पर उसे लेकर मंगेतर के घर गए थे। वहां सूरज के परिवार की महिलाओं ने कोमल को उसकी मौत का जिम्मेदार बताते हुए खरी-खोटी सुनाई।
विज्ञापन
इसके बाद वह पिता के साथ घर लौटी और रात में जहर खाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मिले चोटों के निशान के बारे में पिता ने अनभिज्ञता जताई। थानाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने बताया कि किसी पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है।
मोबाइल पर दोनों में हुई थी एक घंटे बात
चर्चा है कि मृतक के परिजनों के लगाए आरोपों से नाराज घरवालों ने युवती की पिटाई की थी। सूरज के पिता महेश ने आरोप लगाया कि बेटे के मोबाइल पर युवती के गांव के ही किसी युवक ने आपत्तिजनक मैसेज किए थे। इसी को लेकर सुबह सूरज और कोमल के बीच एक घंटे बात हुई थी। महेश ने दोनों के मोबाइल फोन की जांच कराने की मांग की है।
आपत्तिजनक मैसेज करने वाले को खोज रही पुलिस
सूरज के पिता महेश से जानकारी मिलने के बाद पुलिस युवती के गांव के ही उस युवक का पता लगा रही है जिसने सूरज के मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज किए थे। इसको लेकर बृहस्पतिवार सुबह सूरज और कोमल के बीच करीब एक घंटे बात हुई थी।
जांच में पता चला कि सूरज की आखिरी बार कोमल से ही बातचीत हुई थी। दोनों में क्या और किस विषय को लेकर एक घंटे तक बातें हुईं, इसका पता अभी नहीं चल सका है। कोमल से बात करने के बाद सूरज ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फंदा लगाकर जान दे दी।
पिता महेश का आरोप है कि मंगेतर पर आपत्तिजनक आरोपों से सूरज आहत था। कोमल के पिता संतोष ने बताया कि कोमल के पास खुद का फोन नहीं था। वह भाई शिवम के फोन से सूरज से बात करती थी। घरवाले ज्यादा देर तक बात करने से मना करते थे।
उन्होंने बताया कि सूरज की मौत की जानकारी होते ही कोमल की हालत बिगड़ गई थी और वह बेहोश हो गई। इसके बाद वह सूरज को आखिरी बार देखने के लिए साथ लेकर चलने की जिद करने लगी। इस पर उसे गौरी त्रिभानपुर ले गए थे।
सूरज के परिजनों ने बेटी को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया और बहुत भला-बुरा कहा। कोमल को शव तक नहीं छूने दिया। घर लौटकर बेटी ने भी जान दे दी।
बेटी की मौत के बाद से मां शिवकांती, बहन काजल, सुनयना और भाई शिवम बेहाल हैं। युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग और युवती के जहर खाने से मौत की पुष्टि हुई है। युवती के शरीर पर डंडे से पीटने पर आईं चोटों का भी जिक्र है।
खेती करता था सूरज, माता-पिता शिक्षामित्र
सूरज खेती करने के साथ ही ट्रैक्टर भी चलवाता था। पिता महेश और मां गीता दोनों शिक्षामित्र हैं। पिता के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को स्कूल से घर पहुंचने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार दस्तक दी।
कोई जवाब न मिलने पर सूरज का फोन मिलाया तो स्विच ऑफ था। इस पर भतीजा सुधीर छत से होकर घर के भीतर पहुंचा तो सूरज का शव फंदे से लटका मिला। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।