कानपुर देहात। होली में रंग खेलने व तला चिकना पकवान खाने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ा। शनिवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शरीर में खुजली व पेट की समस्या लेकर मरीज पहुंचे। जिन्हें डॉक्टरों ने परामर्श के साथ दवाइयां दीं।
मेडिकल कॉलेज में सामान्य दिनों में एक हजार लोगों की ओपीडी रहती है। छुट्टी होने के कारण शनिवार को सुबह 12 बजे तक 210 मरीज ही पहुंचे। वहीं, 11 बजे ही ओपीडी में सन्नाटा पसर गया। अधिकांश ओपीडी में जूनियर डॉक्टर नजर आए। 12 बजे के बाद मरीज इमरजेंसी में पहुंचे और डॉक्टर को दिखा कर दवाइयां लीं।
ओपीडी में ज्यादातर मरीज आंख में जलन, शरीर में खुजली व पेट रोग से पीड़ित रहे। फीजीशियन कक्ष में इलाज कराने पहुंचे अकबरपुर महेश ने बताया कि उन्हें सुबह से पेट में दर्द की समस्या हुई। वहीं, नेत्र रोग विभाग में पहुंचे रनियां प्रियांशू ने बताया शुक्रवार शाम तक रंग खेला। इसके बाद रात से आंख में खुजली शुरू हो गई। धूप में आंख नहीं खुल रही है।
डॉ. प्रसून ने बताया कि अधिक देर तक रंग खेलने से एलर्जी के मरीज पहुंचे। जिन्हें दवा देकर बचाव की सलाह दी गई। सीएमएस डॉ. खालिद रिजवान ने बताया कि होली त्योहार को लेकर मरीजों को बेहतर सुविधा दिए जाने के लिए इमरजेंसी में विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहे। वह स्वयं राउंड करते रहे।