कानपुर। माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए बीते तीन दिनों में प्रयागराज के लिए लगभग 500 बसें श्रद्धालुओं को लेकर रवाना हुईं। अन्य रूटों पर फेरे कम करने के बाद भी बस अड्डों पर मंगलवार देर रात लखनऊ, दिल्ली और झांसी आदि रूटों की बसें यात्रियों को ढ़ूंढ़े नहीं मिलीं। यह स्थिति बुधवार शाम तक बनी रही।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर प्रयागराज रूट पर अतिरिक्त बसें चलाने के लिए अन्य रूटों पर फेरे घटाए गए। दिल्ली, मेरठ, लखनऊ और झांसी समेत कुछ अन्य रूटों पर दिक्कत हुई लेकिन जिस रूट पर पर्याप्त यात्री मिले, वहां के लिए बसें उपलब्ध कराई गईं।
माघ पूर्णिमा के स्नान के लिए मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक 78 बसें प्रयागराज गईं। बुधवार दोपहर से रात तक 118 बसें यात्रियों को लेकर लौटीं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक बुधवार से प्रयागराज रूट पर जाने वाले यात्रियों की संख्या कम हुई है। वहीं, लौटने वालों की संख्या बढ़ी है। गुरुवार से सभी रूटों पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।