सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। ब्लॉक सरवनखेड़ा क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर में गंदगी व जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित है। वहीं, बृृहस्पतिवार को बुखार आने के बाद हालत बिगड़ने से एक बच्चे की मौत हो गई। गांव के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी है। बच्चे को कई दिन से बुखार आ रहा था।
कीरतपुर निवासी गिरेंद्र कमल के बेटे सुशांत (7) की गुरुवार की सुबह मौत हो गई। गिरेंद्र ने बताया कि बेटे को तीन दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां गुरुवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गांव के किशन पासवान, छोटे लाल पासवान समेत कई लोग बुखार से ग्रसित हैं। कई लोग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। गांव के राज नारायण फौजी ने बताया कि पूरे गांव में गंदगी फैली है। जलनिकासी के लिए करीब 20 साल पहले बनाई गई नालियां पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं।
ग्रामीण सौरभ ने बताया कि गंदगी की वजह से गांव में बुखार फैलने से एक बच्चे की मौत व कई लोगों के बीमार होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक गांव में कैंप लगाना जरूरी नहीं समझा। दयाराम ने बताया कि गांव के मुख्य रास्ते में पड़ा खड़ंजा धंस चुका है व नालियां क्षतिग्रस्त होने से घरों का दूषित पानी रास्तों में भरा रहता है। रामकली ने बताया कि रास्तों में गंदा पानी भरा रहने से छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल तक जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
.................
बोले जिम्मेदार
- गांव में साफ सफाई के लिए टीम भेजी जा रही है। प्रमुख रास्तों व नालियों के निर्माण के लिए कार्य योजना बनाई जा चुकी है। जहां भी जलभराव है, उसकी सफाई कराई जाएगी। - विमल सचान, प्रभारी खंड विकास
...................
कीरतपुर में एक बच्चे की बुखार से मौत होने की जानकारी दी गई है। वहीं कुछ लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। शुक्रवार सुबह टीम भेज कर गांव में बीमार लोगों की जांच कराई जाएगी। बच्चे की मौत कैसे हुई इसका भी पता कराया जा रहा है। - डॉ. राकेश यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी सरवनखेड़ा