आरोपी महिला लेखपाल विनीता यादव।
- फोटो : संवाद
सिकंदरा। तहसील की महिला लेखपाल को शुक्रवार को कानपुर थाना इकाई की एंटी करप्शन टीम ने उनके सरकारी आवास से चार हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें अकबरपुर थाना लेकर आई। यहां मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई पूरी कर लेखपाल पर भूमि की कुराबंदी करने के बदले रुपये मांगने का आरोप है।
मुबारकपुर निवासी पूर्व प्रधान जयप्रकाश ने बताया कि उनकी पारिवारिक कृषि जमीन का कुराबंदी बंटवारा होना था। जिसके लिए तहसील में तैनात राजस्व लेखपाल विनीता यादव के वह बीते छह माह से चक्कर लगा रहे थे। वह आजकल करके टरका रही थीं। इसके बाद लेखपाल ने उनसे छह हजार रुपये की मांग की थी। जिस पर उनकी चार हजार रुपये में बात पक्की हो गई। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शुक्रवार को टीम ने उन्हें चार हजार रुपये दिए। वह महिला लेखपाल के आवास पर गए और उन्हें रुपये दे दिए।
इसी बीच कानपुर नगर की एंटी करप्शन टीम प्रभारी एकता त्यागी के नेतृत्व में निरीक्षक जटाशंकर सिंह, सूर्यप्रताप सिंह, सुनील पराशर, अर्चना गौतम व कलक्ट्रेट के दो स्टाफ के साथ उनके आवास पहुंच लेखपाल को दबोच लिया। टीम ने लेखपाल को रुपयों सहित गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद अकबरपुर थाना ले आई। यहां पूछताछ करने व रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई करने के बाद लखनऊ ले गई।
सिकंदरा थाना के उपनिरीक्षक तबारक अहमद ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने उनसे पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। जिस पर वह उनके बताए गए स्थान पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे थे। टीम प्रभारी एकता त्यागी ने बताया कि रिश्वत लेने में पकड़ी गई लेखपाल पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा गई है।