माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। कानपुर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने शुक्रवार को सिविल लाइंस में संस्था के संरक्षक मुख्तारूल अमीन के कैंप कार्यालय में बैठक का आयोजन किया। संस्था के अध्यक्ष मनमोहन सिंह के अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कोरोनाकाल में प्राइवेट स्कूलों की लगातार गिरती आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में कहा गया कि शासन के द्वारा दिए गए सभी दिशा निर्देशों का पालन शहर के प्राइवेट स्कूलों ने किया, लेकिन फिर भी अभिभावकों से उन्हें किसी भी तरह का सहयोग नहीं मिल रहा है। बैठक में अभिभावकों द्वारा अब तक फीस जमा न करने पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों के भविष्य के लिए जल्द फीस जमा कराने के लिए कहा गया। बैठक में शामिल स्कूल संचालकों ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं का नाम ना काटने के शासन के आदेश का स्कूल संचालकों ने पूरा पालन किया। फिर भी अभिभावकों ने अब तक फीस जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। बोले कि 10 जुलाई की तिथि देते हुए अभिभावकों को यह भी विकल्प दिया गया था कि उक्त तिथि तक फीस जमा कर पाने वाले अपनी स्थिति बताते हुए एक एप्लीकेशन स्कूल को देकर समय ले सकते हैं, पर अभिभावकों ने अपना पक्ष भी नहीं रखा। स्कूल के संचालकों ने बैठक में फैसला लेते हुए कहा कि फीस न जमा करने वाले अभिभावकों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। पदाधिकारियों ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की फीस जमा करें। बैठक में एकमत से कहा गया कि चरणबद्ध तरीके से स्कूल कार्यवाही करेगा। ------- अभद्रता करने वाले बच्चों पर होगी कार्रवाई इसके साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं में कई छात्र छात्राएं शिक्षिकाओं से सही आचरण नहीं कर रहे हैं। शिकायतें मिली है कि कक्षाओं के दौरान में टीचरों से अभद्रता करते हैं। बोले कि ऐसे मामलों में स्कूल पहले नोटिस जारी करेगा और इसके बाद कार्यवाही की जाएगी। बैठक में डॉ नागेंद्र स्वरूप, बलविंदर सिंह, अजीत अग्रवाल, अमरप्रीत सिंह, गुरचरण सिंह चन्नी, चित्रांशी, प्रतीक श्रीवास्तव, युसूफ, सुबोध कटिहार, भावुक कपूर आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।