कानपुर। स्वरूपनगर घंटाघर में महिला मार्केट बनाने के लिए नगर निगम फिजिबिलिटी टेस्ट कराएगा। इससे बाद तय होगा कि इस मार्केट के लिए डबल बेसमेंट, ग्राउंड के ऊपर चार मंजिला भवन बने या 11 मंजिला। केडीए से एनओसी मिलते ही शुक्रवार को नगर आयुक्त ने टीओडी जोन के मद्देनजर इसे 11 मंजिला तक बनाने पर विचार-विमर्श किया। इसके लिए फिजिबिलिटी टेस्ट कराकर उसी आधार पर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और उसे स्वीकृत कराकर निर्माण कराने का फैसला लिया।
केडीए बोर्ड की 23 अप्रैल को हुई बैठक में स्वरूपनगर घंटाघर की 3600 वर्गमीटर जमीन पर महिला मार्केट बनाने के लिए सशर्त एनओसी दी गई। शर्त यह है कि वहां निर्माण के दौरान पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी और इसमें दुकानें आदि बेचने से होने वाली आय का 15 प्रतिशत लाभांश केडीए को दिया जाएगा। करीब 190 करोड़ से होने वाले इस निर्माण के लिए लागत मूल्य का 25 प्रतिशत धन केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत धन राज्य सरकार अरबन चैलेंज फंड योजना के तहत देगी। शेष 50 प्रतिशत धन नगर निगम म्युनिसिपल बांड के माध्यम से जुटाएगा या लोन लेगा।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि महिला मार्केट बनाने के लिए सबसे पहले फिजिबिलिटी टेस्ट कराया जाएगा। पहले खाका खींचा गया था कि इसमें डबल बेसमेंट, ग्राउंड और उसके ऊपर चार मंजिल बनवाई जाएं। चूंकि यह जमीन मेट्रो ट्रैक से 500 मीटर के दायरे में है। इसलिए इसके लिए मिलने वाले टीओडी (ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपेंट) योजना का लाभ लेते हुए फ्लोर बढ़ाया जा सकता है। फिजिबिलिटी टेस्ट के बाद डीपीआर बनवाई जाएगी। यह कार्य तीन माह में पूरा कराने की कोशिश की जा रही है। उसके बाद उसे स्वीकृत कराकर निर्माण कराया जाएगा।