शोहदे से परेशान श्यामनगर निवासी छात्रा के पढ़ाई छोड़ने के बाद अब उसके परिजनों ने भी घर छोड़ दिया है। परिजनों के मुताबिक शोहदा अपने साथियों के साथ घर के नीचे खड़ा रहता है। जिसकी वजह से अब उन्होंने भी घर जाना छोड़ दिया है।
वे फिलहाल एक रिश्तेदार के घर पर रहने लगे हैं। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। गिरफ्तारी न होने की वजह से शोहदे का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्यामनगर निवासी छात्रा आजाद नगर स्थित एक स्कूल में 12वीं की छात्रा है।
आरोप है कि श्यामनगर में ही रहने वाला आशीष तिवारी अक्सर छात्रा के साथ छेड़खानी करता था। जिससे परेशान होकर छात्रा के परिजनों ने उसे रिश्तेदार के घर में इलाहाबाद भेज दिया था, लेकिन जब वहां भी आशीष पहुंच गया तो परिजनों ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बेटियों से छेड़खानी पर एसएसपी से की शिकायत
एक महिला ने बेटियों से छेड़खानी किए जाने की शिकायत एसएसपी दफ्तर में की है। कैंट निवासी महिला ने बताया कि वह और उसकी दो बेटी ओईएफ में काम करने जाती हैं। शाम को छह बजे घर वापस जाते समय केंद्रीय विद्यालय के सामने तीन युवक पिछले करीब 10 दिनों से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करते हैं। गंगाघाट चौकी में जब इस मामले की शिकायत की गई तो पुलिस ने टरका दिया। एसएसपी ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।