रक्षा क्षेत्र में एफडीआई के विरोध में इंटक के बैनर तले ओईएफ फूलबाग से जुलूस निकालते इंटक प्रदेश अध्यक्ष व अन्य।
- फोटो : amar ujala
कानपुर। रक्षा क्षेत्र में सौ फीसदी एफडीआई को मंजूरी दिए जाने के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के बैनर तले ओईएफ मुख्य द्वार से गांधी प्रतिमा फूलबाग चौराहे तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया।
इंटक प्रदेश अध्यक्ष आशीष पांडेय ने कहा कि तीन साल पहले कांग्रेस की सरकार ने रक्षा क्षेत्र में 49 फीसदी एफडीआई का प्रस्ताव किया था, तब भाजपा ने इसका विरोध किया था। अब यही लोग सौ फीसदी एफडीआई ला रहे हैं। रक्षा क्षेत्र में एफडीआई आने से फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन की कंपनियां सेना को दिए जाने वाले सामान के लिए टेंडर में शामिल होंगी। तमाम तरह के प्रलोभन दिए जाएंगे। ऊंचे मूल्य पर हथियार बेचे जाएंगे। एफडीआई वापस लेने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान रंतीदेव बाजपेई, अजय सिंह, अजय जायसवाल, रामकेश वर्मा, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।
एफडीआई के विरोध में 11 से आंदोलन
कानपुर (ब्यूरो)। फील्ड गन फैक्ट्री मजदूर यूनियन की सभा बुधवार को हुई। इसमें रक्षा क्षेत्र में सौ फीसदी एफडीआई के विरोध में 11 जुलाई से आंदोलन की रणनीति तय की गई। संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शेखरचंद्र राय ने कहा कि एफडीआई प्रतिरक्षा फैक्ट्रियों के हित में नहीं है। इसके अलावा प्रतिरक्षा क्षेत्र की गोपनीय बातें अन्य लोगों के पास पहुंच सकती हैं।