मुर्गा न देने पर छिड़ी लड़ाई में दो भाइयों ने पहले बाप-बेटे व उसकी बेटी को लाठी डंडों से जमकर पीटा। दोनों का आक्रोश यही शांत नहीं हुआ। बाद में दोनों ने मुर्गों को भी लाठी से पीटपीट कर जान से मार दिया।
लल्लू पठान पुत्र जमील निवासी खोह ने बताया कि बुधवार की शाम को वह अपने डेरे मेें था। तभी गांव के ही दो भाई आए और उससे फ्री में मुर्गा देने को कहा। मना करने पर गाली देकर मुर्गा पकड़ने लगे।
इससे रोकने पर दोनों भाइयों ने उसे लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पुत्र जग खान (12) व पुत्री सारा (8) कमरे से बाहर आए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। चार मुर्गों को भी मार डाला बाद में एक मुर्गा लेकर भाग निकले। पीड़ित ने गुरुवार को कोतवाली में आरोपी भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।