सड़क हादसे में पिता घायल, बेटी की मौत
इकदिल। ग्वालियर बाईपास मानिकपुर मोड़ के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता घायल हो गए जबकि बेटी की मौत हो गई। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बाहुरी गांव निवासी केशव (32) पुत्र गोविंद सिंह सोमवार को अपनी ससुराल बाइक से इकदिल गए थे। उनके साथ छोटी बेटी सानिया उर्फ तान्या (10) भी थी। वहां से देर शाम को अपने घर लौटते समय उपरोक्त स्थान पर बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाप बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, वहां पिता का इलाज जारी और बेटी ने इलाज दौरान दम तोड़ दिया। किशोरी तीन बहनों में घर की सबसे छोटी बेटी थी। शिव कुमार ने बताया कि भाई और भतीजी सोमवार शाम घर आ रहे थे तभी हादसे के शिकार हो गए। हादसे के बाद दोनों बहने व मां बेबी के साथ परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बढ़पुरा थाना प्रभारी निरीक्षक गणेश शंकर द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना मिलने पर बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)