डेरापुर। थाना क्षेत्र के कपासी गांव के रहने वाले युवक की मुंबई में मौत हो गई। रविवार शाम को शव गांव पहुंचा तो परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पिता व परिवार के लोगों ने संदेह जताते हुए थाने पहुंचे और डेरापुर पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
कपासी निवासी पुष्पेंद्र कुमार (19) पुत्र हरीशंकर संखवार मुंबई के भिवंडी इलाके में रहकर एक ट्रांसपोर्ट में लोडिंग, अनलोडिंग का काम करता था। पिता हरीशंकर ने बताया क बेटा 10 मार्च को गांव से मुंबई गया था। शुक्रवार की रात 11:00 बजे उसने हाल चाल जानने के लिए फोन किया था। अगले दिन सुबह उसके साथी गांव के दीपू ने उसकी मौत की जानकारी दी। उसका साथी दीपू रविवार को पुष्पेंद्र का शव लेकर गांव पहुंचा। गांव शव आते ही मां गीता देवी, छोटे भाई धर्मेंद्र कुमार, धीरेंद्र कुमार, जितेन्द्र कुमार बिलखते रहे। पिता ने बताया कि पुष्पेंद्र घर में सबसे बड़ा था और उस परिवार की जिम्मेदारी थी। उसने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग डेरापुर पुलिस से की। थाना के उप निरीक्षक केशव कुमार ने परिजनों को समझाते हुए घटना स्थल मुंबई होने की बात कही। परिवार के लोग देर रात तक पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े रहे।