फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैंगरेप की सुनवाई न होने पर पिता ने दी जान

Tue, 12 Feb 2013 01:27 PM IST
कानपुर/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
बड़ी बेटी के साथ गैंगरेप होने के बाद रिपोर्ट दर्ज न होने से आहत एक पिता ने सोमवार को फांसी पर झूलकर जान दे दी। वह नवाबगंज के एक शैक्षणिक संस्थान में चालक थे। आरोपी कोई और नहीं उनका अपना दामाद ही है। उसने उनकी छोटी बेटी से प्रेम विवाह किया है।
विज्ञापन


आरोप है कि दामाद ने दोस्तों और पत्नी की मिलीभगत से बड़ी बेटी के साथ गैंगरेप कराया। उन्होंने नवाबगंज चौकी प्रभारी से जब इसकी शिकायत की तो उन्होंने मदद करने की जगह उल्टे उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया। उनकी जेब से मिले सुसाइड नोट में इस त्रासदी की दारुण दास्तां दर्ज है।

एसएसपी यशस्वी यादव का कहना है कि मामले की जांच कराकर आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजेश (50) (परिवर्तित नाम) नवाबगंज के निवासी थे। परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटे ने बताया कि सोमवार को दोपहर साढ़े 12 बजे वह पिता को खाना देकर चला गया था। मां कचहरी गईं थीं और दोनों बहनें मामा के घर में थीं।
विज्ञापन


बेटा डेढ़ बजे लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दस्तक देने पर कोई आहट नहीं हुई। शीशे से झांकने पर पिता फांसी पर लटके दिखे। उसने चीखते हुए दरवाजा तोड़ दिया। तब तक पड़ोसी भी आ गए। राजेश ने तख्त के ऊपर प्लास्टिक की चार कुर्सियां रखी थीं। उन्होंने साड़ी का फंदा पंखे से लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहले नवाबगंज पुलिस फिर सीओ स्वरूपनगर आरपी यादव के साथ फोर्स पहुंची। हंगामा होने पर एहतियात के तौर पर और पुलिस बुला ली गई थी।

एसपी पश्चिम भारत सिंह यादव मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। इधर फोरेंसिक टीम ने खुदकुशी वाले कमरे, सुसाइड नोट, साड़ी के दोनों टुकड़े की छानबीन कर सुराग जुटाए। राजेश की पत्नी सुषमा (परिवर्तित नाम) ने अपने दामाद और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ गैंगरेप की थाने में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि इस कृत्य में आरोपियों के साथ उनकी छोटी बेटी भी शामिल है।

तहरीर के मुताबिक पिता ने इसकी शिकायत नवाबगंज थाने से डीजीपी दफ्तर तक की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे छोटी बेटी की तहरीर पर पिता के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। तहरीर में नवाबगंज चौकी प्रभारी राजीव चित्रांश पर राजेश को धमकाने और प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।

सुषमा का कहना है कि दामाद और दरोगा की हरकतों से ऊबकर उनके पति ने खुदकुशी की है। इस मामले में एसएसपी का कहना है कि राजेश के खुदकुशी करने के मामले की जांच की जा रही है। अगर चौकी प्रभारी पर पीड़ित परिवार से बदसलूकी का आरोप सिद्ध हुआ तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें