तीन की हालत नाजुक, हैलट में इलाज जारी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में मंगलवार रात बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे पिता व उसकी पांच दिन की बेटी की दम घुटने से मौत हो गई।युवक की पत्नी व दो बच्चे कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े रहे। बुधवार दोपहर जब ट्यूशन टीचर बच्चों को पढ़ाने के लिए पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जबकि अन्य तीनों को गंभीर हालत में हैलट में भर्ती कराया। गोपाल नगर निवासी अनीस दुबे(40) अपनी पत्नी प्रीति, बेटा अक्षत व बेटी पलक के साथ रहते थे। पांच दिन पहले उनको बेटी हुई थी।
बिधनू एसओ देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मंगलवार रात सर्दी से बचने के लिए अनीस ने कमरे में अंगीठी जलाकर रख ली थी। उसके बाद पूरा परिवार सो गया था। बुधवार दोपहर बच्चों को पढ़ाने के लिए ट्यूशन टीचर हरिओम उनके घर पहुंचे।
काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने धक्का दे उसे खोला। भीतर कमरे में अनीस औंधे मुंह पड़े हुए थे, और अन्य परिवारीजन भी बेसुध पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। हरिओम ने तुरंत आसपास केलोगों व पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सभी को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने अनीस व उनकी पांच दिन की बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रीति, अक्षत व पलक को हैलट रेफर कर दिया। डॉक्टर ने अक्षत की हालत सबसे अधिक गंभीर बताई है। इलाज जारी है।
एक साल पहले बेचा था घर
अनीस दुबे एक हाथ से दिव्यांग थे। वह ट्रक पर क्लीनर का काम करते थे। मकान मालिक रौनक ने बताया कि अनीस ने एक साल पहले अपना मकान बेच दिया था। तब से वह परिवार समेत उनकेघर पर एक कमरा किराए पर रहकर रह रहे थे।