Fatehpur News: असोथर थाना क्षेत्र के किलापर निवासी लखन पासवान ने रविवार सुबह पुलिस पर बेवजह नए मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए मोबाइल टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है।
फतेहपुर जिले में पुलिस पर बेवजह फंसाने का आरोप लगाकर एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस उसे उतारने की कोशिश में जुटी है। असोथर थाना क्षेत्र के किलापर निवासी लखन पासवान रविवार सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसने कूदकर आत्महत्या की धमकी दी है। खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
लखन पासवान पूर्व में चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। अब लखन का कहना है कि पुलिस उसे नए मुकदमे में फंसाना चाहती है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है। उसे गोली मारकर लंगड़ा करना चाहती है, जबकि वह बेकसूर है। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोई ऐसा मामला नहीं है। वह बिना वजह टॉवर पर चढ़ा है।