हाईवे पार कर रही दो महिलाओं को बोलेरो ने टक्कर मार दी। एक महिला गाड़ी में फंसकर 20 मीटर तक घिसटती चली गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। दूसरी घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। थरियांव थाना क्षेत्र के आशिकपुर औरेईया गांव निवासी राजेंद्र तिवारी की पत्नी प्रभादेवी (48) पुत्र अंकित तिवारी व पड़ोसी महिला सुषमा देवी के साथ बाइक से गुरुवार दोपहर दांत का उपचार कराकर उसरैना से लौट रही थी।
थाना क्षेत्र के दनियालपुर मोड़ के पास अंकित ने मां और सुषमा को हाईवे पार करने के लिए बाइक से उतरा दिया। दोनों महिलाएं पैदल हाईवे पार करने लगीं। इसी बीच तेज रफ्तार बोलेरो ने दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। प्रभादेवी बोलेरो में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद अंकित और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक बोलेरो लेकर चालक भाग गया।