फतेहपुर के पटेल नगर स्थित ऑन लाइन शाॅपिंग एप के स्टोर ब्लिंककिट पर रविवार हिंदू संगठन के सदस्यों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मीट जब्त कर बिक्री पर रोक लगाई। लाइसेंस पर कार्रवाई करने की बात कही।
ब्लिंककिट में मांस की बिक्री के दौरान उसे हैप्पी नवरात्रि के कैरीबैग में डिलीवरी का आरोप बजरंग दल के धर्मेंद्र सिंह जनसेवक व अन्य साथियों ने लगाया। स्टोर के बाहर हंगामा किया। ब्लिंककिट के कैरी बैग पर हैप्पी नवरात्र लिखा था। कैरीबैग के अंदर चिकन का पैकेट रखा था। ऑनलाइन मांस की सप्लाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हंगामा काफी देर तक चलता रहा। कोतवाली पुलिस व तहसीलदार पहुंचे। कुछ देर बाद सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित ने जांच की। इस दौरान मौजूद मीट को जब्त किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि 166 पैकेट फ्रोजन मीट का जब्त कर उसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इनके लाइसेंस पर मीट बिक्री का अंकन न होने के कारण लाइससें पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।