फतेहपुर जिले में हाईवे से पुलिस ने 25 लाख कीमत के गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से फुलवामऊ ग्राम प्रधान समेत तीन भागने में सफल हो गए। एसपी ने आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की बात कही है। खुलासे के लिए पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है।
पुलिस लाइन में एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तस्करों को पकड़ने के अभियान के तहत कोतवाल अमित मिश्रा, स्वाट प्रभारी अनुरूद्ध द्विवेदी की संयुक्त टीम ने लोधीगंज हाईवे पर गांजा लदा लोडर पकड़ा। लोडर चालक बांदा जिला तिंदवारी थाने के अतर्रा रोड निवासी आशीष कुमार सोनी और उसके साथी प्रिंशु सोनी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की लोकेशन देने के लिए दूसरे वाहन में बैठे तस्करों के तीन साथी फुलवामऊ प्रधान रमाकांत शिवहरे और उसका भाई शिवाकांत शिवहरे, बांदा निवासी शुभम शिवहरे भाग निकले। आरोपियों के पास से दो क्विंटल पांच किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है। आरोपी गैंग बनाकर तस्करी करते हैं।
एक डीसीएम में बांदा अतर्रा रोड पर उड़ीसा से सुबह गांजा उतारा गया है। इसके बाद एक खेप लोडर से लेकर आ रहे थे। दो दशक से रमाकांत शिवहरे और उसका भाई शिवाकांत जिले और पड़ोसी जिलों में तस्करी कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी।