फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur: हाईवे पर ट्रेलर से गिरे तार के बंडलों में दबकर दो की मौत, एक बच्चे समेत छह घायल

Sat, 01 Jul 2023 11:26 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर

सार

यूपी के फतेहपुर में हाईवे पर ट्रेलर से गिरे तार के बंडलों में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। साथ ही कार, तीन बाइक, एक ठेला, सैलून, पंचर की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
फतेहपुर में हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड से फरीदाबाद (हरियाणा) जा रहे तारों का बंडल लदे ट्रेलर की सेफ्टी बेल्ट टूटने से बड़ा हादसा हुआ। कई टन वजन के तारों के बंडल एक-एक गिरे। बंडलों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। एक बच्चे समेत छह लोग घायल हुए। आसपास की दुकानें और वाहन चपेट में आए। अनियंत्रित ट्रेलर का केबिन भी अलग होकर पलट गया। बच्चे समेत दो घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।

विज्ञापन


हादसा प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर खागा कोतवाली के पुरइन चौराहे के पास शनिवार शाम हुआ। ट्रेलर झारखंड से लोहे के तार के बंडल लेकर फरीदाबाद जा रहा था। पुरइन चौराहे पर ट्रेलर के बाएं ओर के दो टॉयर फट गए। ट्रेलर बेकाबू हो गया और तारों को बांधकर रखने वाली सेफ्टी बेल्ट टूट गई। भारी-भरकम बंडल एक के बाद बाई ओर भीड़ और खड़े वाहनों पर गिरे। हाईवे किनारे खड़े कुबेर सिंह (55) निवासी पुरइन की एक बंडल के नीचे दबने से मौत हो गई।

वहीं सरोज देवी (28) व उनका पुत्र वैभव (4) निवासी छीमी थाना खागा, सरोज की बहन सरिता, बाइक सवार विनय कुमार निवासी अटसराय थाना सैनी जिला कौशांबी, विजय निवासी मझिलगांव घायल हुए। पुरइन मोड़ पर ही रोहित सिंह अपनी मां ऊषा देवी निवासीगण सैनिया पुरवा मजरे कटोघन खागा मौजूद था। वह अपनी मां का इलाज कराने खागा आया था।

तार के चार-पांच बंडल उनकी कार के इंजन पर गिरे। कार क्षतिग्रस्त हो गई और रोहित व ऊषा देवी मामूली रूप जख्मी हो गए। कार के पास ही सैनियापुरवा निवासी बबलू सिंह की पल्सर और लाल सिंह की डिस्कवर बाइक बंडलों से दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेलर को रास्ते से हटाया। सरोज देवी, वैभव, विनय और विजय को हरदों सीएचसी पहुंचाया।

डाॅक्टर ने चारों को जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल के डाॅक्टर ने सरोज देवी को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में सरिता और विजय को भर्ती किया। गंभीर हालत में देखकर वैभव और विनय को कानपुर हैलट रेफर किया गया। हादसे में कार, तीन बाइक, एक ठेला, सैलून,पंचर की दुकान भी तार के बंडल से क्षतिग्रस्त हुए हैं। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में कुबेर व सरोज देवी की मौत हो गई है, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है।

तीन दुकानों में जा घुसे तार के बंडल
ट्रेलर से गिरे तार के बंडल से पुरइन मोड़ पर भीखू बाबा की आम समेत ठेलिया दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। बंडल चिटककर हाईवे से काफी दूर गणेश सिंह निवासी कल्लनपुर की पंचर की दुकान से जा टकराया। हवा भरने की मशीन जमीन से उखड़कर पलट गई। इसी दुकान के बगल में शीतला प्रसाद निवासी कुम्हारन का पुरवा मजरे पुरइन की सैलून दुकान में तार का बंडल टकराया। उसका दरवाजा और दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।

सरिता को छोड़ने आई थी सरोज
हादसे में घायल हुई सरोज, उसका पुत्र वैभव व सरिता जख्मी हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सरोज अपनी बहन सरिता को छोड़ने के लिए छीमी गांव से पुरइन मोड़ पर आई थी और हाईवे किनारे किसी वाहन आने का इंतजार कर रही थी। तभी हादसा हुआ। वैभव हादसे के समय कुरकुरे का पैकेट लेकर उसे खा रहा था। वह तार के बंडल के नीचे दबा तो वहां मौजूद लोग उसे निकालने पहुंचे। वजन अधिक होने के कारण तार नहीं हट सका। बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर उसे बाहर निकाला। वैभव के सिर में गंभीर चोट आई।

दूर जाकर पलटा ट्रेलर, वरना होता बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तार के बंडल अचानक हाईवे पर गिरने लगे। यह देखकर अफरातफरी मच गई। पुरइन मोड़ पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि केवल तार के बंडल गिरे और कहीं मौके पर ट्रेलर पलटता तो तबाही मच जाती। ट्रेलर आगे जाकर खंती में पलटा, जहां कोई नहीं था।

यह हैं घायल
- वैभव पुत्र अनिल निवासी छीमी
- सरिता (मृतका सरोज की बहन)
- विनय कुमार निवासी अटसराय, कौशांबी
- रोहित सिंह व उनकी मां ऊषा देवी निवासी सैनिया पुरवा मजरे कटोघन
- विजय पुत्र रामखेलावन निवासी मझिलगांव
विज्ञापन

इनका हुआ नुकसान 
- बबलू सिंह निवासी सैनिया पुरवा की पल्सर बाइक टूटी
- लाल सिंह निवासी सैनिया पुरवा की डिस्कवर बाइक टूटी
- रोहित सिंह निवासी सैनिया पुरवा की कार क्षतिग्रस्त
- विनय कुमार निवासी अटसराय की सीडी डीलक्स बाइक टूटी
- भीखू बाबा निवासी पुरइन की आम की ठेलिया टूटी
- गणेश सिंह निवासी कल्लनपुर की हवा भरने की मशीन टूटी
- शीतला प्रसाद निवासी पुरइन का सैलून क्षतिग्रस्त हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें