मोबाइल शॉप में नगदी सहित 26 लाख की चोरी
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर के वर्मा तिराहा स्थित खालसा मोबाइल शॉप में शनिवार की रात 14 लाख रुपये नकद और करीब 90 मोबाइल चुरा लिए। सुबह दुकान मालिक ने शटर खोला तो उसे दुकान का सारा सामान अस्तव्यस्त हालत में मिला। चोरी होने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, इंस्पेक्टर कोतवाली व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक का चेहरा दिखा है। हरिहरगंज निवासी गोविंद सिंह की शिव मंदिर के पास एक दोमंजिला मकान में खालसा मोबाइल नाम से शॉप है। उनके पास कई मोबाइल फोन की एजेंसी और एक मोबाइल फोन निर्माता कंपनी का सर्विस सेंटर है। गोविंद सिंह व उनके सहयोगी शनिवार की रात करीब 10.30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए।
सुबह वह दुकान पर पहुंचे और शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी। सीओ सिटी, अपर पुलिस अधीक्षक और कोतवाल मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल की। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच की। गोविंद सिंह ने तहरीर देकर बताया कि चोर दुकान से करीब 14.60 लाख रुपये नगद व 11.40 लाख रुपये के मोबाइल (90 एंड्रॉयड मोबाइल फोन) ले गए हैं।
करीब 26 लाख रुपये की चोरी हुई है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी को चेक किया तो रात करीब 12.30 बजे एक युवक दुकान में घुसता हुआ दिखाई पड़ा। करीब डेढ़ बजे वह दुकान से कैश व मोबाइल लेकर निकल गया। इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।