सराय कस्बा रोड पर पड़ा मिला शव
रात करीब 12 बजे फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। पत्नी की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दो बाइक से पहुंचे अन्य पुलिसकर्मी भी युवक, उसकी पत्नी और सास को थाने ले आए। पुलिस के अनुसार पत्नी और सास को पहले छोड़ दिया गया। बाद में युवक को भी थाने से छोड़ दिया गया। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह थाने से करीब 100 मीटर दूर जीटी रोड से सराय कस्बा रोड पर उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
समझौता कराकर भेज दिया गया था घर
ग्रामीणों में चर्चा रही कि देर रात युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मौत होने की आशंका है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। ग्रामीणों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि मामला पति-पत्नी के विवाद का था, तो पत्नी और सास के साथ युवक को भी एक साथ क्यों नहीं छोड़ा गया। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद के बाद दोनों को थाने बुलाया गया था। बातचीत के बाद सुलह-समझौता कराकर घर भेज दिया गया था। युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।