गोशालाओं की बदहाली पर आचार्यों का अनूठा विरोध
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर जिले में गोशालाओं की बदहाल व्यवस्था और गोवंशों के साथ हो रहे कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में जनपद के आचार्यों ने शनिवार को अनोखे ढंग से अपना आक्रोश जताया। विकास भवन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में जिलेभर के आचार्य एकजुट हुए और 108 हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बुद्धि शुद्धि हवन का आयोजन किया। आचार्यों ने इसे प्रशासन की चेतना जगाने का प्रयास बताया।
आचार्यों का कहना है कि गोशालाओं की अव्यवस्थाओं को लेकर वे लंबे समय से शिकायतें कर रहे हैं। जीपीएस कैमरे से फोटो और वीडियो बनाकर जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपे गए, लेकिन न तो दोषियों पर कार्रवाई हुई और न ही हालात में कोई सुधार आया। उनका आरोप है कि जनपद में शायद ही कोई ऐसी गोशाला हो, जिसे पूरी तरह व्यवस्थित कहा जा सके।