लड़की के साथ चलने से इंकार करने पर दुष्कर्म आरोपी ने खुद के पेट में चाकू घोंप लिया। आरोपी कुछ दिन पहले लड़की को अगवा कर दुष्कर्म के आरोप में जेल से छूटकर आया है। हालांकि युवक ने लड़की के पिता पर चाकू से हमले का आरोप लगाया है। डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया है।
चांदपुर थाने के एक गांव का रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी 12 जुलाई को लापता हो गई थी। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने 14 जुलाई को नीमटोला निवासी दिव्यांशु उर्फ हिमांशू सिंह के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा बढ़ाई थी। कुछ दिन पहले दिव्यांशु जेल से छूटा। वह मंगलवार शाम करीब छह बजे लड़की के घर पहुंचा। लड़की को साथ लेकर जाने की जिद करने लगा। लड़की की मां ने बताया कि मना करने पर अचानक उसने चाकू निकाला। और खुद के पेट में चाकू मार लिया। पुलिस घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जिला अस्पताल में घायल दिव्यांशु ने लड़की के पिता पर चाकू मारने का आरोप लगाया। सीओ सिटी सुशील दुबे ने बताया कि युवक ने खुद को चाकू मारी है। जिला अस्पताल में युवक को भर्ती कराया गया है। युवक के आरोप की जांच की जाएगी।