प्रेमिका से धोखा कर शादी कर रहा प्रेमी पूरी रात हवालात में रहा और सुबह दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव जाने वाली बरात की सभी तैयारी धर रही गई। मध्य प्रदेश के सीढ़ी जिले की युवती हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऑटो सेंटर में नौकरी करती है। थरियांव थाने के सखियांव निवासी मोहित कंपनी की गाड़ी चलाता है। फेसबुक के जरिये दोनों की दोस्ती हुई। युवती का आरोप है कि मोहित ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और जनवरी 2023 से साथ रहने लगा।
इस दौरान वह शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाता रहा और आर्थिक शोषण भी किया। फरवरी में मोहित घर लौट आया और शादी की बात कहकर युवती को फतेहपुर बुलाया। यहां कागजात तैयार कराए और एक होटल में उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद परिवार को मनाने का हवाला देकर उसे वापस भेज दिया।