लेखपाल और बीएलओ सुपरवाइजर सुधीर कुमार की आत्महत्या के मामले में लगातार दबाव व लेखपाल संघ की मांग पर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम रविंद्र सिंह ने ईआरओ संजय कुमार सक्सेना को हटा दिया। उन्हें भूलेख कार्यालय में संबंद्ध किया गया है। उनकी जगह बिंदकी एसडीएम (न्यायिक) प्रदीप रमन को अपर उप जिलाधिकारी द्वितीय एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के साथ जहानाबाद विधानसभा के ईआरओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा बागबादशाही निवासी लेखपाल सुधीर कुमार जहानाबाद विधानसभा में बीएलओ सुपरवाइजर के रूप में तैनात थे। उनकी 26 नवंबर को शादी थी लेकिन ठीक एक दिन पहले वह फंदे से लटकते मिले थे। सुधीर की बहन अमृता सिंह ने कानूनगो शिवराम और ईआरओ संजय सक्सेना पर निलंबन और बर्खास्तगी की धमकी देकर मानसिक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। लेखपालों के विरोध और शव का अंतिम संस्कार रोकने पर कानूनगो समेत एक उच्चाधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद से लेखपाल संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन कर ईआरओ के साथ काम करने से इन्कार कर दिया था और उन्हें निलंबित कर एफआईआर में शामिल किए जाने की मांग की थी। इसी दबाव के बाद डीएम ने ईआरओ को हटाने का आदेश जारी कर दिया।