Fatehpur News: भवानीपुर में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला सुलावती देवी की कानपुर के हैलट अस्पताल में मौत हो गई।
फतेहपुर जिले में बिंदकी कोतवाली के भवानीपुर में सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल सुलावती देवी (60) की कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका सुलावती देवी पत्नी स्व. राम अवतार फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के कस्बा बहुआ की निवासी थीं। सोमवार को सड़क पार कर रही थीं। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल बिंदकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले फतेहपुर जिला अस्पताल और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। सोमवार रात को हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मंगलवार सुबह लगभग सात बजे महिला के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया। सुलावती देवी अपनी पुत्री की ससुराल भवानीपुर गांव के समीप स्थित मन्नूपुर गांव में आई हुई थीं। वह सोमवार को अपने घर बहुआ वापस जाने के लिए सवारी का इंतजार करते हुए सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।