गाजीपुर थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर बकरी गांव में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गोवर्धन प्रजापति के चने के खेत में 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका की पहचान फरजाना के रूप में हुई है। युवती के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका की मां अफसाना ने बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे वह सो गई थीं। इसी दौरान उनकी बेटी घर से निकल गई। काफी खोजबीन के बाद रात करीब 2:30 बजे फरजाना की लाश चने के खेत में पड़ी मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने वकील को फतेहपुर जाकर जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास एक सल्फास की पुड़िया, एक खाली बोतल, सफेद पन्नी में रखा मोबाइल चार्जर, नकाब, कुछ नमकीन और बिस्कुट बरामद किए गए। वहीं युवती के चेहरे और गले पर काले रंग के चोट के निशान भी पाए गए, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
मां अफसाना ने आरोप लगाया कि गांव के ही सुनील यादव ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी के साथ गलत संबंध बनाए थे, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। इस मामले में मृतका ने 26 फरवरी को आरोपी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है। अफसाना ने यह भी बताया कि इससे पहले गांव के ही एक अन्य युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराने से नाराज होकर पति और बेटे ने मां-बेटी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वे गांव के बाहर फूलचंद्र के बाग में रात गुजार रही थीं। वहीं से युवती देर रात निकल गई और आरोपी के खेत के पास उसकी लाश मिली।
थाना अध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के आरोपी सुनील यादव को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। अभी किसी पक्ष से नई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।