चित्रकूट जिले में धार्मिक स्थलों का दर्शन करने आए बस्ती जिले के छात्र-छात्राएं की चाट खाने के बाद हालत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और कुछ के बेहोश होने से खलबली मच गई। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत में सुधार है। बस्ती जिले के मडुवारी स्थित आदर्श विद्याधाम स्कूल के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की टीम शनिवार को चित्रकूट दर्शन करने आई थी।
धार्मिक स्थलों का दर्शन करने के बाद छात्र-छात्राएं हनुमानधारा मंदिर पहुंचे। यहां कुछ छात्र-छात्राओं ने एक ठेली पर टिकिया और फुल्की खाई। बस में बैठते ही दस छात्र-छात्राओं की हालत बिगड़ गई। उल्टी दस्त के बाद कुछ छात्राएं बेहोश हो गईं। टीम के साथ मौजूद प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी।
एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल लाया गया। अंजली पुत्री छितानी, ज्योति पुत्री लालजी, हिना अंसारी पुत्री समसुद्दीन, रामरतन पुत्र राजकुमार, काजल पुत्री श्याम व सरोज पुत्री रामविलास की हालत खराब देखकर भर्ती कराया गया। इसके अलावा श्याम किशोर, अनस, संतोष, रवीना को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। रविवार की सुबह अन्य भर्ती छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य में सुधार होने पर टीम के साथ बस्ती भेज दिया गया है।